बिजनौर में जैविक खेती के उत्पादों के लोगो का लोकार्पण करते डीएम उमेश मिश्रा।
- फोटो : BIJNOR
डीएम ने किया जैविक उत्पाद के लोगो का किया लोकार्पण
बिजनौर। डीएम उमेश मिश्रा ने नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत संचालित जैविक कृषि कार्यक्रम के तहत बनाए जा रहे उत्पादों के जिले के लोगो का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत तैयार किए गए गुड़ की मांग बढ़ रही है और इसे एनसीआर क्षेत्र में तैयार किया जा रहा है। उन्होंने अन्य किसानों से भी जैविक खेती से जुड़ने का आह्वान किया।
मध्य प्रदेश से 27 क्विंटल जैविक गुड़ की मांग आई है। उन्होंने गुड़ में तिल, सोंठ, मूंगफली, हल्दी, सूरजमुखी आदि मिलाने और पैकिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा। नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत 46 ग्राम पंचायतों के एक हजार 474 किसानों द्वारा 884 हेक्टेअर जमीन में गन्ने की जैविक खेती की गई है। इससे चार लाख 17 हजार 250 क्विंटल गन्ने की पैदावार की उम्मीद है। इससे लगभग 50 हजार क्विंटल गुड़ तैयार होगा। किसानों को गुड़ के अच्छे दाम दिलाने के लिए दूसरे प्रदेशों व एनसीआर के आढ़तियों व व्यापारियों के साथ सेमिनार करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ केपी सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रीति जायसवाल, एडीएम प्रशासन विनय कुमार सिंह, उपकृषि निदेशक गिरीश चंद्र, जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश मिश्र, जिला सूचना अधिकारी प्रदीप कुमार गुप्ता, सहायक लेखाधिकारी डास्प राकेश कुमार, मैैसर्स शील बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड डॉ. जेपी शर्मा, हर हर गंगे कृषक उत्पादक संगठन अध्यक्ष सतीश कुमार आदि मौजूद रहे।