फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजनौर: गड्ढों पर खफा हुए डीएम, गिरफ्तारी के लिए बुलाई पुलिस, चार घंटे पुलिस हिरासत में रहे एनएच अफसर

Wed, 23 Feb 2022 04:30 PM IST
मेरठ ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, बिजनौर

सार

सड़कों में गड्ढों को लेकर डीएम खफा हो गए। डीएम ने अचानक पुलिस बुलाने का आदेश दिया। इसके बाद एनएच अथॉरिटी के डीजीएम और प्रबंधक को पुलिस के हवाले भी कर दिया।
विज्ञापन
बिजनौर में डीएम की बैठक। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिजनौर में मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे-119 पर जानलेवा हो चले गड्ढों पर डीएम इतने खफा हुए कि भरी बैठक से एनएच अफसरों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस बुला ली। बात यहीं नहीं रुकी, एनएच अथॉरिटी के डीजीएम और प्रबंधक को पुलिस के हवाले भी कर दिया। शाम चार बजे से रात आठ बजे दोनों अधिकारियों को चार घंटे तक पुलिस हिरासत में रखा गया। दो दिन में गड्ढों को भरवा दिए जाने के आश्वासन के बाद ही दोनों को छोड़ा गया। दरअसल, कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम ने बैठक बुलाई थी। हाईवे के गड्ढों के चलते एनएच के अफसरों को देख डीएम बिफर गए। वहीं पीडब्लूडी नजीबाबाद के अधिकारियों को भी फटकार लगाई।

विज्ञापन


मंगलवार को विकास भवन के सभागार डीएम उमेश मिश्रा और एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने सभी विभागों की कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक ली। इस बैठक में मेरठ से एनएच-119 के डीजीएम और प्रबंधक पहुंचे थे। डीएम ने मालूम किया कि नेशनल हाईवे-119 से कौन आया है। तभी डीजीएम और प्रबंधक खड़े हो गए। डीएम ने कहा कि एसपी साहब इन्हें गिरफ्तार करिए, ये यहां से जाएंगे नहीं। शहर कोतवाल बैठक में पुलिसबल के साथ पहुंच गए। दोनों अधिकारियों को अपने साथ ले गए। शाम चार बजे से रात करीब आठ बजे तक चार घंटे हिरासत में रहे। इसके बाद दो दिन में गड्ढे भरवा दिए जाने के आश्वासन के बाद ही उन्हें छोड़ा गया।

बता दें कि डीएम हाईवे में गड्ढों के नहीं भरे जाने से नाराज थे। परियोजना निदेशक के नहीं आने से भी डीएम नाराज हो गए थे। वहीं कांवड़ मार्गों के गड्ढे नहीं भरे जाने से लोक निर्माण विभाग खंड नजीबाबाद के अधिकारियों को डीएम ने खूब खरीखोटी सुनाई। नजीबाबाद खंड की भागूवाला मोटामहादेव बाईपास खराब है। वहीं नगीना से हरेवली रोड भी खराब है। बैठक में एनएच के अधिकारियों की गिरफ्तारी का माहौल बनता देख दूसरे अधिकारी भी सहम गए। वहीं बिजली विभाग से लेकर दूसरे विभागों को भी कांवड़ यात्रा के संबंध में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने साफ तौर पर कहा कि अगली बैठक 25 फरवरी को होगी, तब तक तैयारियां अधूरी नहीं रहनी चाहिए।
विज्ञापन


बार-बार कहने के बावजूद भी एनएच अफसर गड्ढे नहीं भरवा रहे थे। लगातार गड्ढों से दुर्घटना होने, लोगों के परेशान होने की शिकायतें मिल रही थी। आज बैठक में एनएच के दो अधिकारियों को चार घंटे तक पुलिस हिरासत में रखा गया। गड्ढे भरवाने के आश्वासन के बाद ही छोड़ा गया। दो दिन में गड्ढे भरने को कहा है। - उमेश मिश्रा, डीएम, बिजनौर

यह भी पढ़ें: टूट गईं सांसें: खौफनाक मंजर देख कांप उठा हर किसी का कलेजा, गश खाकर गिरी मां, पिता का रो-रोकर बुरा हाल, तस्वीरें

विज्ञापन

इधर हिरासत में अफसर, उधर गड्ढे भरने का काम शुरू
इधर विकास भवन में डीएम उमेश मिश्रा ने जैसे ही एनएच के अफसरों को पुलिस हिरासत में लेने का आदेश दिया, एनएच अथॉरिटी से जुड़े अफसरों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मेरठ पौड़ी नेशनल हाईवे 119 पर बिजनौर से बैराज के बीच गड्ढे भरने का काम भी शुरू कर दिया गया।

एनएच-119 पर कई बार गड्ढे भरे गए, लेकिन गड्ढे भरने के नाम पर खानापूर्ति ही होती रही। एक सप्ताह बाद ही सड़क की हालत पहले से ज्यादा बुरी हो जाती है। 20 फरवरी के अंक में अमर उजाला ने हाईवे में गड्ढों का मुद्दा प्रमुखता से प्रकाशित किया था। तीस मिनट में तय हो रहा आठ किमी का सफर, शीर्षक के साथ खबर प्रकाशित हुआ तो प्रशासन ने भी इसे गंभीरता से लेते हुए सख्ती दिखाई। बता दें कि बिजनौर बैराज मार्ग पर कई कई फीट गहरे गड्ढे हो गए थे। जिनमें फंसकर वाहन खराब ही नहीं हो रहे थे बल्कि पलट भी रहे थे। आए दिन हादसों का खतरा बना हुआ था। साथ ही हाईवे की बदहाली जाम का कारण भी बन रही थी। पिछले सप्ताह ही 24 घंटे तक जाम लगा रहा था।

किसान यूनियन ने दिया दो दिन का अल्टीमेटम
मेरठ-पौड़ी हाईवे के गड्ढे नहीं भरे जाने के मामले में भाकियू भी कूद पड़ी है। भाकियू ने हाईवे की मरम्मत शुरू कराने के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। दो दिन में गड्ढे भरने का काम चालू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

यह भी पढ़ें: UP Chunav : चुनाव समीकरणों पर तेज हुई बहस, चौपालों से नुक्कड़ों तक मचा घमासान, कहीं बाजी न पलट दें डाक मतपत्र, पढ़ें खास रिपोर्ट

मंगलवार को भाकियू के मंडल अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने डीएम से मुलाकात की। दिगंबर सिंह ने बिजनौर-बैराज रोड में गड्ढे होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने दो टूक कहा कि नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी आंखे मूंदे बैठे हैं। इस सड़क पर कई कई फीट गहरे गड्ढे हो गए हैं। चलना दूभर हो रहा है। आए दिन हादसे हो रहे हैं। दिगम्बर सिंह ने आंदोलन की चेतावनी देते हुए कहा कि दो दिन में मरम्मत शुरू नहीं हुई तो किसान सड़क पर उतर कर आंदोलन करेंगे।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें