जिले के अधिकारी गोद लेंगे एक-एक सरकारी स्कूल
बिजनौर। अपने कार्यों के साथ साथ अब जिले के हर अधिकारी को कम से कम एक सरकारी स्कूल की कायापलट करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इन्हें 19 पैरामीटर पर सरकारी शिक्षा के मंदिरों का विकास कराना होगा। अफसरों की मानें तो वर्तमान में जिले के दो दर्जन से अधिक विद्यालयों के कायापलट का कार्य चल रहा है।
जनपद में कुल 2123 सरकार विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 1358 प्राथमिक और शेष 765 पूर्व माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। शासन स्तर से स्कूलों सूरत में परिवर्तन कर उनमें शिक्षा का स्तर सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। शासन के निर्देश पर इन सभी का 19 पैरामीटर पर विकास होना है। इनमें खेल का मैदान, बाउंड्रीवाल, पार्क, पेयजल, पेंटिंग, क्लास रूम, शौचालय आदि सम्मिलित हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयकरन यादव के अनुसार इस कार्य को करने के लिए जिलाधिकारी से लेकर जिले के हर अधिकारी को इनकी कायापलट की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए फिलहाल दो दर्जन से अधिक विद्यालयों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। शेष का भी शीघ्र ही चयन कर लिया जाएगा। अब केवल यह तय करना बाकी रह गया है कि किस क्षेत्र का विद्यालय किस अधिकारी को गोद देना है। इसके लिए मंडलायुक्त का पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि विनियमित क्षेत्र, विकास विभाग, नगर पालिका और नगर पंचायतों आदि के अधिकारियों के माध्यम से यह कार्य कराया जाना है। इसकी सूचना जिलाधिकारी के माध्यम से संबंधित अफसरों को पहुंचाई जाएगी। सभी विभागों के अधिकारियों से सामंजस्य बनाकर इसकी सूची मंडलायुक्त को भेज दी जाएगी।