बिजनौर। तीन कृषि सुधार कानूनों के विरोध में 26 दिसंबर को भाकियू के बैनर तले किसान जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देंगे और उनसे कृषि कानूनों के बारे में राय भी लेंगे। किसानों के आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिले से दिल्ली जाने वाली सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जिलास्तर के विभागों के अफसरों की भी ड्यूटी यहां पर लगाई जाएगी। किसानों को 26 दिसंबर को दिल्ली नहीं जाने दिया जाएगा।
जिले से किसान आंदोलन के लिए लगातार दिल्ली जा रहे हैं। पुलिस-प्रशासन ने कुछ दिन पहले दिल्ली आंदोलन में शामिल होने जा रहे जिले के किसानों को बैराज व नारनौर के पुल पर रोक लिया था। किसानों द्वारा सड़क पर धरना देने के बाद भी उन्हें दिल्ली नहीं जाने दिया था। अब भाकियू ने 26 दिसंबर को सभी जनप्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन देने का एलान किया है। किसानों के आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रशासन ने जिले की सभी सीमाओं को किसानों के लिए सील करने का निर्णय लिया है। इसके लिए गंगा बैराज, नारनौर के पुल सहित बाकी सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सरकारी विभागों के अफसरों की भी ड्यूटी किसानों को रोकने में लगाई जाएगी।