बिजनौर। मुरादाबाद सांसद रुचिवीरा और सपा नेता डाॅ. रमेश तोमर के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उक्त जमीन पर कब्जे को लेकर बृहस्पतिवार को फिर से हंगामा हुआ। मामला बढ़ता देख तहसीलदार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया।
बिजनौर बैराज मार्ग पर स्थित एक जमीन को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा है। सपा नेता डॉ. रमेश तोमर उक्त जमीन पर अपना हक जताते हैं जबकि मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा पक्ष अपना अधिकार बताता है। इस जमीन पर पहले भी दोनों पक्ष आमने सामने आ चुके हैं। बृहस्पतिवार को सांसद पक्ष के लोग जमीन पर ट्रैक्टर लेकर पहुंच गए। वहीं डाॅ. रमेश तोमर के बेटे रजनीश तोमर भी वहां पहुंचे और जमीन पर कोर्ट का स्टे होने का दावा किया। सूचना मिलने पर तहसीलदार भी पुलिस बल के साथ पहुंचे। एसडीएम रितु चौधरी ने बताया कि विवाद की सूचना पर तहसीलदार को मौके पर भेजा गया था।
डाॅ रमेश तोमर के पुत्र रजनीश तोमर ने बताया कि यह जमीन हमारे ट्रस्ट की है और मामला कोर्ट में विचाराधीन है। गलत तरीके से जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। सांसद रुचिवीरा का कहना है कि प्रशासन, राजस्व चकबंदी की रिपोर्ट हमारे पक्ष में आने के बाद जमीन पर पिलर लगवाए थे। प्रशासन ने इनके कब्जे से तीन दिन पहले ग्राम समाज की जमीन भी कब्जा मुक्त कराई थी।