जिला अस्पताल में बनेगा दिव्यांग पुनर्वास केंद्र
बिजनौर। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने कहा शासन के निर्देश पर जिला मुख्यालय पर दिव्यांगजनों की सहायता एवं कल्याणार्थ पुनर्वासन केंद्र की स्थापना की जाएगी। इस केंद्र पर दिव्यांगजनों को नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श, फिजियोथैरेपी, मनोवैज्ञानिक चिकित्सा सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जाएगा।
मंगलवार को जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय कलक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जिला दिव्यांग कल्याण समिति की बैठक लेकर आला अफसरों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने सीएमओ डॉ. विजय यादव को निर्देशित किया कि वे जिला अस्पताल परिसर में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित करने के लिए भूमि का चिह्निकरण करें, जिससे वहां पर शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन वित्त एवं राजस्व अवधेश मिश्र, एडीएम न्यायिक नितिन मदान, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शैलेश जैन, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी केएम सिंह, जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी आदि मौजूद रहे।