नजीबाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने नजीबाबाद रोडवेज डिपो की बढ़ापुर से देहरादून के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू की है। ग्रामीण अंचल के यात्रियों को तीर्थनगरी हरिद्वार और उत्तराखंड की राजधानी देहरादून तक के सीधे सफर लाभ मिलेगा। बस सेवा से जौलीग्रांट अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और तीमारदार को आसानी होगी।
रोडवेज डिपो नजीबाबाद ने बढ़ापुर से देहरादून के लिए रोडवेज बस संख्या यूपी 78 केटी 6984 को लगाया है। बढ़ापुर से प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे रोडवेज बस देहरादून के लिए प्रस्थान करेगी। नगीना, नजीबाबाद बस स्टैंड होते हुए करीब 11:30 बजे देहरादून पहुंचेगी। बढ़ापुर से देहरादून की सीधी रोडवेज बस सेवा से ग्रामीण अंचलों के यात्रियों का लाभ पहुंचेगा। नगीना, कोतवाली, नजीबाबाद के यात्री देहरादून के साथ-साथ हरिद्वार तक का भी सफर कर सकेंगे। मरीजों को सीधे जौलीग्रांट अस्पताल पहुंचने में सुविधा होगी।
उधर रोडवेज डिपो नजीबाबाद के एआरएम सत्यम सिसौदिया ने बताया कि नजीबाबाद बस स्टैंड से बस रोजाना शाम को बढ़ापुर के लिए रवाना होगी। रात्रि विश्राम के बाद बढ़ापुर से देहरादून के लिए सुबह बस संचालित की जाएगी।