विदुर कुटी। भागीरथी के तट पर आस्था का सैलाब पूरी तरह उमड़ गया है। कई लाख श्रद्धालुओं ने मेले में डेरा जमा लिया है।
भीड़ का आलम यह है कि मेले में पैर रखने को भी जगह नहीं मिल रही। चौतरफा श्रद्धालु और तंबू ही नजर आ रहे हैं। मंगलवार आधी रात से मोक्षदायनी में हर हर गंगे के जयघोष गूंजने लगेंगे।
मंगलवार को गंगा मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचने लगी है। देर शाम तक करीब पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मेले में अपने तंबू लगा लिए हैं।
जिधर भी देखो उधर ही तंबू लगे नजर आ रहे हैं। मेले मेें जगह न मिलने पर श्रद्धालुओं ने मेले से एक किमी की दूरी पर विदुर कुटी के पास तक अपने तंबू लगा लिए है। भैंसा बुग्गी, ट्रैक्टर ट्राली के अलावा पैदल श्रद्धालुओं का रैला देर शात तक चलता रहा।
श्रद्धालुओं का कारवां टूट नहीं रहा है। रात भर यह कारवां इस तरह ही चलेगा। मेले में रात 12 बजे के बाद स्नान शुरू हो जाएगा। स्नान के बाद श्रद्धालु मेले में अपने तंबुओं पर उड़द की दाल की खिचड़ी खाएंगे।
उधर, मेला प्रभारी जसपाल सिंह के मुताबिक मेले में भारी भीड़ पहुुंच गई है। शहर कोतवाल अजय गौतम के मुताबिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए है।
गोताखोरों की टीम पहुंची
विदुर कुटी। गंगा में श्रद्धालुओं को डूबने से बचाने के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेरठ से पीएसी के गोताखोरों की एक कंपनी बुलाई गई है। यह कंपनी विदुर कुटी बैराज पर लगेगी। अपनी स्पेशल वोट के साथ ये टीम आई है।
गंगा बैराज पर भी लगा मेला
विदुर कुटी। गंगा बैराज पर भी मेला लग कर तैयार हो गया है। यहां दुकानें सज गई है। गंगा घाट तक श्रद्धालु आ जमे हैं। बैराज पर शहरी क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। आधी रात से यहां भी स्नान शुरू हो जाता है।
खूब किए गंगा में दीप दान
मंगलवार शाम सूर्य अस्त से पहले श्रद्धालुओं ने गंगा में दीप जलाकर दीप दान किया। पितरों की शांति के लिए यह दीप दान किया जाता है। परिवार में कोई मौत होने के बाद जो पहली बार गंगा मेले में स्नान करने जाता है तो दीप दान करता है।
गंगा में शाम के समय चौतरफा दीप दान करने वाले नजर आ रहे थे। दीप दान के लिए मेले में फुंस के बने कंडा मिलते हैं। इनमें दीप जलाकर गंगा में जले हुए दीप प्रवाहित किए जाते है। कुछ श्रद्धालु गंगा में नाव भी दीप जलाकर सजाते हैं।
युवकों में मारपीट से मची भगदड़
मेले में शाहपुर और स्वाहेड़ी के युवकों में मारपीट हो गई। पुलिस के मुताबिक गंगा घाट पर दोनों गांव के युवक नशे में छह माह पूर्व हुई किसी बात पर आपस में भिड़ गए। घटना से मेले में भगदड़ मच गई।
मेला प्रभारी जसपाल सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और दोनों पक्षों के आठ युवकों को दबोच लिया। थाने लाकर हवालात में बंद कर दिया।
बालावाली गंगा मेला भी शुरू
चंदक। बालावाली में लगने वाली गंगा स्नान मेले का उद्घाटन सदर विधायक रुचिवीरा की पुत्री स्वाति ने किया। पुरोहित पंडित उमेशदत्त शर्मा ने विधि विधान से पूजा संपन्न कराई। मेला संयोजक और प्रधान उमेश चंद्र मौजूद रहे।