ट्रक में सब्जी रखकर पास कराई और रंगे हाथ दबोचा
नजीबाबाद(बिजनौर)। पुख्ता सूचना और पूरी तैयारी के साथ डीआईजी मुरादाबाद शलभ माथुर ने जाफराबाद पुलिस चौकी पर छापा मारा। उन्होंने वसूली करते रंगे हाथ दबोचने के लिए एक ट्रक में सब्जी रखकर पास कराई और वसूली का वीडियो भी बनवाया। वसूली के तुरंत बाद ट्रक के पीछे चल रहे डीआईजी और उनकी टीम के सदस्यों ने दरोगा और चार सदस्यों को दबोच लिया।
करीब 26 हजार रुपये से अधिक की वसूली दरोगा और गिरफ्तार लोगों के पास से हुई है। नजीबाबाद के जाब्तागंज निवासी सचिन शर्मा से 2620 रुपए, जाब्तागंज के ही मो.शाकिर से 2800 रुपए और सालमाबाद कोतवाली बिजनौर के हर्षवर्धन से 3520 रुपए बरामद किए हैं। इन लोगों ने टीम को बताया कि जाफराबाद चौकी प्रभारी रामेश्वर सिंह, हेड कांस्टेबल जफरूद्दीन, सिपाही आशीष कुमार उनसे वसूली कराते थे। दरोगा रामेश्वर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उनके पर्स से टीम ने 17,510 रुपए बरामद किए। सूचना मिलते ही नगीना सीओ सुमित शुक्ला मौके पर पहुंच गए।
गिरफ्तार कर बरेली कोर्ट में भेजा
डीआईजी कार्यालय के निरीक्षक राहुल कुमार सिंह की ओर से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 व 13 तथा भादंस 1860 की धारा 384 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी दरोगा रामेश्वर सिंह व तीन अन्य का चालान कर बरेली भेजा गया है।