अमन कुमार शर्मा
बिजनौर। डायबिटीज एक घातक बीमारी बनकर सामने आ रही है। ज्यादातर लोग इससे ग्रसित हो रहे हैं। वहीं लगातार अनियंत्रित डायबिटीज से मरीजों की स्वाद बताने वाली तंत्रिकाएं सूख रही हैं। इससे मरीज को खट्टा, मीठा, नमकीन, तीखापन का पता नहीं चलता है। जिला अस्पताल में भी अनियंत्रित डायबिटीज से ग्रसित मरीज पहुंच रहे हैं।
डायबिटीज के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल में रोजाना 60 से 70 मरीजों की ब्लड शुगर की जांच हो रही है। जांच के बाद इनमें से करीब 10 प्रतिशत मरीज डायबिटीज से ग्रसित मिल रहे हैं। वहीं 10 साल से ज्यादा से जो लोग डायबिटीज के शिकार हैं, उनमें कई तरह परेशानी देखने को मिल रही है। पुराने मरीजों में लगातार अनियंत्रित डायबिटीज की समस्या सामने आ रही है। जिससे मरीजों को डायबिटिक न्यूरोपैथी की समस्या हो रही है। जिससे शरीर की नर्व सूख रही हैं। साथ ही मरीज की स्वाद बताने वाली तंत्रिकाएं भी सूख रही हैं। जिससे मरीज को स्वाद का नहीं पता चल पा रहा है।
ऐसे करें बचाव
ब्लड शुगर स्तर को नियंत्रित कर लें ताकि क्षति और अधिक न हो।
न्यूरो फिजिशियन से संपर्क कर तंत्रिकाएं ठीक करने की दवा लें।
ब्लड शुगर की मरीज नियमित जांच करते रहें।
कुछ भी समस्या दिखाई देने पर चिकित्सक से सलाह जरूर लें।
जिन मरीजों का स्वाद नहीं गया है, वह सर्तक हो जाएं और डायबिटीज नियंत्रित रखें।
डायबिटीज का ध्यान न रखने से बढ़ रही समस्या : डॉ. पंकज त्यागी
जनरल एंड डायबिटीज केयर फिजिशियन डॉ. पंकज त्यागी ने बताया कि पुराने मरीजों में स्वाद न आने की समस्या दिखाई दे रही है। उनमें अनियंत्रित डायबिटीज की समस्या देखने को मिली है। हालांकि अभी महीने में 10 से 15 मरीज ऐसी परेशानी के आ रहे हैं। लंबे समय तक डायबिटीज का ध्यान न रखने पर यह समस्या दिखाई दे रही हैं।
डायबिटीक न्यूरोपैथी की समस्या के मरीज : डॉ. आरएस वर्मा
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. आरएस वर्मा ने बताया कि लंबे समय से डायबिटीज के शिकार मरीजों में डायबिटीक न्यूरोपैथी की समस्या देखने को मिल रही है। जिनमें उनके शरीर की नर्व सूख रही हैं। स्वाद न आने वाले मरीज कम दिखाई दे रहे हैं।