धामपुर। धामपुर में जल्द ही 15 करोड़ के लागत से जल निगम की ओर से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित होगा। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। अधिकारियों की ओर से निर्माण के लिए तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है। दो माह में निर्माण कार्य चालू होने की उम्मीद है। अधिकारियों का कहना है कि इसके चालू होने के बाद नदियों में शुद्ध पानी छोड़ा जाएगा और किसानों को सस्ती खाद मिलेगी।
सोमवार को विधायक अशोक राणा ने बताया कि प्लांट शुगर मिल रेलवे फाटक के पास बनेगा। जमीन को चिह्नित कर लिया गया है। अब केवल तकनीकी निरीक्षण चल रहा है। अब तक धामपुर क्षेत्र की कडूला और इकड़ा नदी में नगर का गंदा पानी जा रहा है। जिससे नदियां प्रदूषित हो रही है। ऐसा होने से किसानों और वन्य जीवों की सेहत पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
दो माह का लगेगा समय : अधिशासी अभियंता
जल निगम के अधिशासी अभियंता मोहित राॅय का कहना है कि प्लांट को लगाने की लगभग सारी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, लेकिन अभी प्लांट के चालू होने में कम से कम दो महीने का और समय और लग सकता है। बताया कि ट्रीटमेंट के चालू हो जाने के बाद नदियों में शुद्ध पानी छोड़ा जाएगा, जो गंदगी बचेगी उससे खाद तैयार होगा। जिससे किसानों को भी लाभ मिलेगा।