श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
हल्दौर/जलीलपुर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान का पर्व मंगलवार को नगर सहित क्षेत्र में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। क्षेत्र के गांव बल्दिया, पैजनियां, खासपुरा, पावटी, इनामपुरा, कूकड़ा, बिलाई, कुमारपुरा, नांगलजट, कड़ापुर, बाजीदपुर, बिसाठ, हरदासपुर गढ़ी, शाहनगर, लाड़पुर आदि से बड़ी संख्या में लोगों ने विदुर कुटी दारानगर गंज, गंगा बैराज बिजनौर, हरिद्वार आदि आदि स्थानों पर पहुंचकर गंगा स्नान किया। पूजन के बाद खिचड़ी का प्रसाद बांटा गया। मंगलवार को सुबह से ही गंगा स्नान कर विदुरकुटी से बैलगाड़ियों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की वापसी शुरू हो गई और दोपहर बाद से सड़कों पर वाहनों की लंबी लाइन देखने को मिली।
वहीं, जलीलपुर क्षेत्र के नारनौर गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया और बच्चों का मुंडन कराया। मेला स्थल पर दुकानदार रविवार से पहुंचने शुरू हो गए थे। जबकि श्रद्धालुओं का तांता सोमवार दोपहर लगा। जलीलपुर क्षेत्र मे बीते वर्ष तक गंगा किनारे सुजातपुर, रायपुर आदि में भी छोटे छोटे मेले लगते थे। अबकी बार अन्य मेलों में न पहुंचकर अधिकांश श्रद्धालु नारनौर गंगा घाट पर ही पहुंचे। दुकानदार जहीर अहमद, फूल सिंह, चंद्रपाल, सिंह, राजू सिंह, पवन सिंह, नफीस आदि ने बताया बीते वर्षों के मुकाबले इस बार उनकी ज्यादा बिक्री हुई। नारनौर गंगा घाट पर दशकों से कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान मेला लगता रहा है। प्रत्येक वर्ष मेले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। गंगा नदी पर निर्माणाधीन पुल तक जाने के लिए सड़क बन रही है। हालांकि सड़क पर मिट्टी कार्य चल रहा है, फिर भी श्रद्धालुओं के वाहन आराम से गंगा घाट तक पहुंचे। जिस कारण श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ज्यादा रही। सुनील कुमार, खानचंद पाल, हरगुलाल सिंह, कल्याण सिंह, प्रदीप कुमार, गौरव कुमार, सूरज सिंह, अमर सिंह आदि ने मेले को पंजीकृत करा शासन-प्रशासन से सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की है।
बेरखेड़ा और किवाड़ में भी लगा मेला
स्योहारा। स्योहारा ठाकुरद्वारा मार्ग पर बेरखेड़ा के पास रामगंगा में हजारों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का मुंडन भी कराया। मेले में महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की। इस बार मेले में मिट्टी के बने बर्तनों की भी अच्छी खरीदारी हुई। सुरक्षा के लिए मेले में पुलिस का भी कैंप लगाया गया। मेले में महिला पुलिस कांस्टेबल भी मौजूद रहीं। बाजारों में शांति व्यवस्था के मद्देनजर महिला कांस्टेबलों की सिविल ड्रेस में ड्यूटी लगाई गई। भारतीय किसान यूनियन के गांव किवाड़ में गंगा स्नान मेले का उद्घाटन भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी गजेंद्र सिंह टिकैत ने किया। गजराम सिंह, अमित चौधरी, सत्येंद्र वकील, स्वास्तिक चौधरी, सतपाल चौधरी, महावीर सिंह आदि मौजूद रहे।