संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़। सहकारी गन्ना समिति की ओर से सामान्य निकाय की बैठक का आयोजन धामपुर मार्ग स्थित फ्रेंड्स पैलेस में किया गया। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श कर प्रस्ताव किए गए।
मंगलवार को आयोजित बैठक में समिति परिक्षेत्र का चीनी मिल को पेराई सत्र 2023-24 हेतु गन्ना सुरक्षित करने, 2023-24 का बजट अनुमोदन कर बैलेंस शीट 2022-23 का अनुमोदन, सहकारी समिति अधिनियम की धारा 58 एवं प्रतिमान उप विधि की धारा 109 अ के अनुसार गन्ना समिति के संकलित लाभ का विभाजन एवं निस्तारण, समिति को बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समितियों की आदर्श उप विधियों को सहकारी गन्ना एवं चीनी मिल समितियों की प्रतिमान उपविधियों में अंगीकरण किया जाने, समिति से संबंधित गैर आबाद राजस्व ग्रामों को समिति के परशिष्टि अ में रखने पर विचार किया गया।
समिति के कार्यालय भवन निर्माण हेतु भूमि की व्यवस्था करने आदि पर प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक की अध्यक्षता ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक विश्वामित्र पाठक व संचालन साहब सिंह सत्यार्थी ने किया। चीनी मिल के अध्यासी एसपी सिंह, महाप्रबंधक गन्ना अजय कुमार ढाका, थाना प्रभारी हम्बीर सिंह, पूर्व चेयरमैन गन्ना समिति अमर जीत सिंह, निवर्तमान चेयरमैन सुरेश चंद्र, पूर्व प्रधान नत्थू सिंह, पूर्व प्रधान हरिराज सिंह, महल सिंह आदि मौजूद रहे।