उपगन्ना आयुक्त ने निरीक्षण किया
बिजनौर। उपगन्ना आयुक्त अमर सिंह ने जिले की चीनी मिलों का मरम्मत कार्य देखा। गांवों में जाकर किसानों से सट्टा प्रदर्शन देखने को कहा। किसानों को आने वाले सीजन में असुविधा से बचने के लिए सट्टे में गलती होने इसमें संशोधन कराने के लिए कहा।
उपगन्ना आयुक्त ने चांदपुर चीनी मिल के मरम्मत कार्य को देखा। मरम्मत कार्य धीमी गति से होता मिला। इस पर उन्होंने मिल अफसरों से काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि इस बार गन्ने का रकबा बढ़ा है। ऐसे में चीनी मिलों में पेराई पहले सालों की तुलना में जल्दी कराने पर विचार किया जा रहा है। चांदपुर चीनी मिल के गांव कुलचाना में गन्ना सट्टा प्रदर्शन को देखा। कहा कि अगर सर्वे कार्य में कोई कमी है तो उसे अभी दूर करा लें। अगर संशोधन न कराया गया तो आने वाले समय में परेशानी उठानी पड़ेगी। किसान बैंक खाते और मोबाइल नंबर का विशेष रूप से ध्यान रखें। गन्ने की पर्ची इस बार मोबाइल फोन पर ही एसएमएस के जरिए भेजी जाएंगी। अगर मोबाइल नंबर गलत हुआ तो किसान को पर्ची नहीं मिलेगी। उपगन्ना आयुक्त ने स्योहारा चीनी मिल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह व चीनी मिलों के अफसर भी मौजूद रहे।