प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय चुनाव सह प्रभारी सांसद संजय भाटिया और जिला प्रभारी हरिओम शर्मा ने बताया कि जन विश्वास यात्रा के रथ का पूजन रविवार को दस बजे विदुर कुटी से किया जाना था लेकिन थोड़ा विलंब हुआ है। मुख्य सभा का आयोजन चांदपुर के गुलाब सिंह डिग्री कॉलेज में होना है। जिसमें मुख्य अतिथि सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, विशिष्ट अतिथि केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य रहेंगे।
जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ चांदपुर से किया जाएगा। बिजनौर में विभिन्न स्थानों से होते हुए सोमवार को जन विश्वास यात्रा मुजफ्फरनगर पहुंचेगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद
चांदपुर में जनसभा को लेकर एएसपी सिटी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, एएसपी देहात रामअर्ज के नेतृत्व में छह सीओ, 16 निरीक्षक, सौ दरोगा, 500 सिपाही और दो कंपनी पीएसी तैनात की गई है। एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए गए हैं।