कार्य बहिष्कार कर पालिका में किया प्रदर्शन
धामपुर। उत्तर प्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी संघ के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को शाम की पाली का बहिष्कार कर समस्याओं का स्थायी समाधान कराने की मांग को लेकर अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेताया कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो 14 मई से पालिका में हाजिरी लगाने के बाद पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार होगा।
कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संदीप कुमार, अमित घाघट, श्रीचंद पहलवान, आशीष कुमार, अजय कुमार आदि के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी दोपहर बाद नगर पालिका पहुंचे। समस्याओं का निदान न होने पर अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि पालिका अधिकारी गैर बिरादरी के सफाईकर्मियों से तो पालिका कार्यालय में अलग हटकर कार्य कराते है। वाल्मीकि समाज के सफाई कर्मियों का उनके द्वारा उत्पीड़न किया जा रहा है। उनकी जोखिम भरे स्थानों पर भेजा जा रहा है। उनकी कोरोना महामारी में कोई फिक्र नहीं की जा रही है। शिकायत के बाद अधिकारी सुनवाई नहीं करते। कोरोना महामारी से बचाव को किटों का भी वितरण कराने, सैनिटाइजर दिलाने, पालिका की ओर से बीमा कराने, जीपीएफ की कटी राशि की रिकार्ड उपलब्ध कराने की मांग की है।
उधर ईओ सुभाष कुमार का कहना है कि सभी को मास्क, ग्लब्स, सैनिटाइजर उपलब्ध कराने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। पीपी किट हर कर्मचारी को देना संभव नहीं है। उनकी समस्याओं को दूर करने का पूरा प्रयास जारी है।