किसानों का विद्युत भंडारघर के बाहर प्रदर्शन
धामपुर। भाकियू कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण खंड धामपुर और बिजली के भंडारघर के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भंडारघर पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी रिश्वत लेकर किसानों को बिजली का सामान उपलब्ध करा रहे हैं।
भाकियू ब्लाक अध्यक्ष दुष्यंत राणा, रामकुमार सिंह, राजेंद्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह, गजराम सिंह, नेपाल सिंह, भुवनेश कुमार चौधरी, गजेंद्र सिंह, रितेश कुमार, अवनीश कुमार, सतवीर सिंह, भरत सिंह, पवन कुमार, हरि सिंह का कहना है कि किसानों ने सामान्य योजना के तहत कई साल पहले बिजली के निजी कुएं चलाने को कनेक्शन को आवेदन किया था। दो साल के अब उनका नंबर आया है। आरोप है कि किसान विद्युत स्टोर से सामान लेने के लिए ट्रैक्टर ट्राली लेकर सोमवार को आए थे। लेकिन भंडार में कार्यरत प्रभारी और अन्य कर्मियों ने उन्हें बगैर रिश्वत से सामान नहीं दिया। आरोप है कि उन्हें सामान दिया गया जिनसे अधिकारियों, कर्मियों ने सामान उठाने के नाम पर पहले से रिश्वत ले रखी थी।
कार्यकर्ताओं ने इसके विरोध में मंगलवार को विद्युत वितरण खंड और भंडारघर के बाहर जमकर हंगामा किया। किसानों को सोमवार को रात भर भंडारघर के बाहर खुले आसमान तले आंधी और बारिश में रहकर रात काटने को विवश होना पड़ा। कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों से प्रकरण की जांच कर आरोपियों पर रिपोर्ट कायम कराकर कार्रवाई की मांग की। चेताया कि उनकी मांग को नहीं माना गया तो आंदोलन होगा। कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को देख विभाग के अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई।
ब्लाक अध्यक्ष दुष्यंत राणा ने कहा कि विद्युत निगम में भ्रष्टाचार की शिकायतें आती हैं। वह अधिकारियों को अवगत करा निदान कराने की मांग करते रहे हैं। पर उनकी सुनवाई न होने से यह हालत बने हैं। अब वह ऐसा नहीं होने देंगे। प्रदर्शनकारियों ने जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई करने, नियमानुसार सामान उपलब्ध कराने, स्टीमेट के अनुरूप सभी सामान दिलाने की मांग की।
उधर, एक्सईएन वीरेंद्र कुमार और अरुण कुमार ने मामले की जांच कर कार्रवाई कराने का भरोसा देकर कार्यकर्ताओं को शांत किया। किसानों के शांत होने के बाद ही सामान का वितरण हो सका।