बकाया गन्ना मूल्य भुगतान और बिजली के लिए दिया धरना
बिजनौर। बिलाई चीनी मिल व अन्य मिलों के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान शीघ्र कराने व बिजली व्यवस्था में सुधार सहित कई मांगों को लेकर किसानों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में धरना दिया। किसान नेताओं ने बिलाई चीनी पर ज्यादा नाराजगी दिखाई। कहा कि मिल बंद हो गई, लेकिन अभी दिसंबर 2021 का भी भुगतान नहीं किया। कई घंटों की जद्दोजहद के बाद कई बिंदुओं पर किसान व अफसरों में सहमति बन गई और आंदोलन समाप्त कर दिया।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले सोमवार को किसान गन्ना समिति परिसर में एकत्र हुए, यहां उन्होंने पंचायत की। बाद में जिलाध्यक्ष विनोद कुमार उर्फ बिट्टू व पश्चिमी उत्तर प्रदेश महासचिव कैलाश लांबा के नेतृत्व में किसान नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे और धरना देकर बैठ गए। इस दौरान विनोद कुमार व कैशाल लांबा ने कहा कि बिलाई चीनी मिल का पेराई सत्र बंद हो गया, लेकिन अभी तक गत वर्ष के दिसंबर का भी पूरा भुगतान नहीं किया। किसानों के नलकूपों को दस घंटे बिजली नहीं मिल रही है। बेसहारा पशुओं की समस्याओं को भी उठाया। विनोद कुमार ने कहा कि यदि सभी विभागों के अधिकारी नहीं आते हैं तो संगठन लंबा आंदोलन चलाएगा और सड़क जाम भी करेगा। बाद में एसडीएम, डीसीओ, एसई विद्युत, बिलाई मिल के अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और वार्ता की।
जिसके बाद बिलाई के अफसरों ने 15 करोड़ रुपये का भुगतान किया, साथ ही 31 मई तक 15 करोड़ रुपये देकर दिसंबर माह पूरा भुगतान करने का आश्वासन दिया। अगला भुगतान भी शीघ्र कराने पर सहमति बनी। नलकूपों को दस घंटे पूरी बिजली देने, बेसहारा पशुओं के लिए अस्थायी गोशालाएं बनने की मांग की गई। धरने पर राजपाल भगत, विरेंद्र सिंह, शकील अहमद, गौरव कुमार, अमित कुमार, राजीव कुमार, विवेक चौधरी, राजवीर सिंह, चौधरी यशपाल सिंह, रोहित राठी, प्रमोद, धर्मपाल सिंह, राजेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।
बिजनौर कलक्ट्रेट में धरने पर बैठे राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते म- फोटो : BIJNOR