नजीबाबाद के गांव मौज्जमपुर तुलसी में प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : NAZIBABAD
नजीबाबाद। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश में बढ़ती महंगाई पर रोष व्यक्त किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर खाली गैस सिलिंडर रखकर प्रदर्शन किया और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष मुस्तकीम राइन के नेतृत्व में ‘महंगाई घटाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। मुस्तकीम राइन ने कहा कि केंद्र सरकार ने दो माह पूर्व तो महंगाई पर अंकुश लगाए रखा था, लेकिन चुनाव होने के बाद फिर से देश में महंगाई बढ़ा दी है। पेट्रोल सौ रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गया है और गैस सिलिंडर के दाम 50 रुपये बढ़ा दिए हैं। बढ़ती महंगाई ने आम नागरिक की कमर तोड़ दी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर खाली गैस सिलिंडर और बिना पेट्रोल की बाइक खड़ी कर महंगाई के विरोध में केंद्र व प्रदेश के खिलाफ प्रदर्शन किया। इससे पूर्व ग्राम पंचायत मौज्जमपुर तुलसी में जिला सचिव नसीम अंसारी की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के आह्वान पर कार्यकर्ता तीन अप्रैल को ब्लॉक परिसर में केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना देंगे। प्रदर्शन में मो. असलम, मो. यामीन, नाजीर हुसैन, अब्दुल वाहिद, अब्दुल मजीर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।