हीमपुर दीपा। क्षेत्र में निरंतर चरमराई बिजली व्यवस्था के खिलाफ भाकियू के तीन संगठनों के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने रविवार को सिसौना बिजलीघर पर पहुंच कर जोरदार प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी के बावजूद किसानों और ग्रामीणों ने पांच घंटे बिजलीघर पर धरना दिया। अवर अभियंता को हटाने तथा बिजलीघर पर दो नए संविदा कर्मियों की तैनाती के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। हल्दौर के अवर अभियंता को सिसौना बिजलीघर का चार्ज दिया गया है।
शनिवार की रात क्षेत्र के सिसौना बिजलीघर से संबंधित 33 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन का तार टूटने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। इससे क्षुब्ध भाकियू टिकैत, किसान मजदूर संगठन एवं भाकियू अराजनैतिक पदाधिकारियों के साथ ग्रामीण रविवार को सिसौना बिजलीघर पहुंचे। चौधरी आदित्य वीर सिंह के नेतृत्व में उन्होंने प्रदर्शन किया। किसान मजदूर संगठन के जिला उपाध्यक्ष देवी सिंह सिंह की अध्यक्षता एवं जगत सिंह के संचालन में धरने पर बैठ गए।
किसानों ने बिजलीघर से जंगल और ग्रामीण अंचल की बिजली आपूर्ति मात्र पांच से छह घंटे बार-बार ट्रिपिंग के जरिए होने, बिजली घर पर रात्रि में लाइनों में फाल्ट होने की स्थिति में ठीक न करने तथा संविदा कर्मचारियों के त्यागपत्र देने को लेकर अधिकारियों के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। किसान मजदूर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश लांबा, देवराज सिंह, बृजपाल सिह, लटूर सिंह प्रधान, कपिल त्यागी आदि का कहना था कि जब तक उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं किया जाएगा, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस दौरान संविदा कर्मियों के क्षेत्रीय प्रभारी नीरज कुमार जैसे ही धरना स्थल पर पहुंचे तो किसानों ने उन्हें अपने बीच में बैठा लिया। समस्या निस्तारण को लेकर इस बाबत बहुत देर तक वार्ता होती रही लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया।
बाद में अधीक्षण अभियंता बिजनौर से किसान नेताओं की फोन पर वार्ता की। अधीक्षण अभियंता ने किसानों की मांग पर सिसौना बिजली घर पर तैनात जेई राजकुमार को हटाकर उनके स्थान पर हल्दौर के अवर अभियंता गौतम कुमार को बिजली घर का चार्ज देने, दो नए संविदा कर्मियों की तैनाती के अतिरिक्त सात संविदा कर्मियों को तैनात करने तथा रात्रि में हुए लाइन फाल्ट को तुरंत ठीक कराने का आश्वासन दिया। इस पर पांच घंटे बाद धरना- प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। इस दौरान शोभित प्रधान, संजीव कुमार, विपिन, हितेश प्रधान, हेमेंद्र सिंह, पंकज सिंह, अनेश कुमार आदि मौजूद रहे।
पैजनिया। बिजली कटौती से परेशान राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम चांदपुर को ज्ञापन सौंपकर सोमवार शाम तक आपूर्ति में सुधार न होने पर मंगलवार से बिजली घर पर अनिश्चित कालीन धरने की चेतावनी दी है। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी कैलाश लांबा ने बताया कि पैजनिया और सिसौना बिजलीघर से जुड़े लगभग 200 गांवों में बिजली आपूर्ति की हालत बहुत खराब है। मंडल महासचिव वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि विभाग के अधिकारी फोन तक उठाना गवारा नहीं करते।