नूरपुर में प्रसूता की मौत के बाद नर्सिंग होम में की गई तोड़फोड़।
- फोटो : अमर उजाला
नूरपुर में नगर के एक नर्सिंगहोम में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की हालत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन प्रसूता को उपचार के लिए मुरादाबाद ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नर्सिंग होम में हंगामा करते हुए तोड़ फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली।
शिवाला कलां थाना क्षेत्र के गांव बेर निवासी करन सिंह सैनी ने पत्नी दमयंती उर्फ ज्योति (25) को प्रसव पीड़ा होने पर मुरादाबाद मार्ग स्थित पंचशील नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। सुबह करीब नौ बजे नर्सिंग होम संचालक डा. शैफाली गुफ्ता ने सिजेरियन ऑपरेशन के बाद प्रसव करा दिया। ऑपरेशन होने के बाद दमयंती की हालत खराब हो गई। ब्लीडिंग न रुकने पर चिकित्सक ने उसे कहीं बाहर ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे उपचार के लिए मुरादाबाद ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
प्रसूता की मौत से गुस्साए परिजन शव को वापस लेकर नर्सिंग होम पहुंचे । चिकित्सक पर ऑपरेशन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूूचना पर गांव से भी काफी संख्या में ग्रामीण नर्सिंग होम पहुंच गए। वहां तोड़ फोड़ शुरू कर दी। हंगामे व तोड़ फोड़ के दौरान अस्पताल का स्टाफ इधर-उधर हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को किसी तरह समझाकर शांत कराया। घटना के संबंध में नर्सिंग होम संचालक से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। दोनो पक्षों में समझौते के प्रयास चल रहे थे। घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
किरतपुर में गांव मेमन सादात निवासी अनवर अली के 25 वर्षीय पुत्र जफर का शव उसके पड़ोसी के बंद पड़े मकान में छत के कड़े से लटका मिला। रविवार रात थानाध्यक्ष संजीव मलिक मय पुलिस फोर्स गांव मेमन सादात पहुंचे। बंद पड़े मकान के मुख्य गेट का ताला तुड़वा कर अंदर पहुंचे। छत के कड़े से फंदे से लटके जफर के शव को नीचे उतरवाया। ग्रामीणों का कहना है कि जफर नशे का आदि था। बेहद नशे के कारण उसने आत्महत्या जैसा घातक कदम उठा लिया। दो दिन पूर्व वो पड़ोसी यूनुस के मकान की छत पर नशे की हालत में टहलता हुआ देखा गया था। किसी समय वो नीचे उतरा और फांसी का फंदा लगाकर छत के कड़े में झूल गया। लाश से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। कार्यवाहक थाना अध्यक्ष संजीव मलिक ने कहा है कि प्रथम दृष्ट्या ये मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। जांच की जा रही है। ब्यूरो