डिग्री कॉलेजों की समस्याओं के निस्तारण की मांग
नगीना। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली से संबद्ध स्व वित्तपोषित महाविद्यालयों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षक विधायक हरि सिंह ढिल्लो व स्व वित्तपोषित महाविद्यालय वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर संदीप शर्मा के नेतृत्व में कुलपति से मिलकर समस्याओं से अवगत कराते हुए एक मांग पत्र सौंपा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संदीप शर्मा ने बताया कि महाविद्यालयों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एमएलसी डॉ. हरी सिंह ढिल्लो व उनके नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बरेली में एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर कृष्ण पाल सिंह को मांग पत्र देकर महाविद्यालयों की समस्याओं से अवगत कराया। कुलपति को दिए गए पत्र में कहा गया कि स्नातक प्रथम व द्वितीय वर्ष के छात्र छात्राओं व स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के छात्र छात्राओं को प्रमोट करने से पहले उनकी उपस्थिति महाविद्यालयों से कंफर्म कराई जाए, क्योंकि ऐसी सूचना है कि कुछ विद्यार्थियों की संक्रमण से मौत हो गई है।
स्नातक व परास्नातक अंतिम वर्ष के छात्र छात्राओं की परीक्षा स्व केंद्र कराई जाए। क्योंकि विद्यार्थी अगर दूसरे महाविद्यालय में जाएंगे तो संक्रमण खतरा बढ़ जाएगा। ऐसे महाविद्यालय जिनकी संबद्धता 30 जून 2021 को पूर्ण हो रही है, इस कोरोना महामारी के दौर में स्थायी संबद्धता के लिए पैनल कराने की स्थिति अनुकूल नहीं है। सभी की संबद्धता एक वर्ष के लिए विस्तारित कराई जाए। ऐसे महाविद्यालय पर कोई अतिरिक्त आर्थिक दंड न लगाया जाए। सत्र 2021-22 में स्नातक व परास्नातक में प्रवेश करने की अनुमति महाविद्यालय को दी जाए, महाविद्यालय सीधे प्रवेश लेकर विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर स्वयं रजिस्ट्रेशन करा कर विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रेशन फीस जमा कर सकें। प्रतिनिधिमंडल में संभल से मनीष चौहान, मुरादाबाद से प्रमोद यादव, रामपुर से योगेश चौहान, बिजनौर से डॉक्टर दानवीर सिंह आदि शामिल रहे।