मंडावली। देश की प्रमुख समस्या जन सांख्यिकीय असंतुलन एवं जनसंख्या विस्फोट के समाधान के लिए जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग उठाई गई। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन ने सोमवार को ग्रामीण क्षेत्रों में हस्ताक्षर अभियान चलाया।
जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के जिला महामंत्री मयंक चौहान के नेतृत्व में मंडावली से हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ हुआ। अभियान को गांव मंडावली, राहतपुर खुर्द समेत आस-पास के गांवों में लोगों से समर्थन मिला। मयंक चौहान ने बताया कि फाउंडेशन पिछले नौ वर्षों से राष्ट्रव्यापी अभियान के समर्थन में विशेष अभियान चला रही है। 11 दिसंबर 2022 से 20 मार्च 2023 तक प्रस्तावित हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत फाउंडेशन हस्ताक्षर पत्र भरकर भारत सरकार को भेजेगी। उन्होंने कहा कि संगठन करोड़ों लोगों के सहयोग और समर्थन के साथ जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग सरकार के समक्ष रख रहा है।
पन्ना प्रमुख के रूप में नेपाल सिंह, केशव पाल, नरपाल, उदय भान, हेमंत राजपूत, सोमपाल सिंह आदि के सहयोग से लोगों में हस्ताक्षर पत्रकों का वितरण किया गया।