नजीबाबाद। भारतीय किसान यूनियन भानु ने तहसील में प्रदर्शन कर सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम गन्ना मूल्य भुगतान सहित विभिन्न मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
भाकियू भानु के जिलाध्यक्ष चौ. रोहिताश सिंह, जिला महामंत्री जितेंद्र हुड्डा, जिला महासचिव कुलवीर सिंह मौर, सुखविंदर सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुमित चौहान, तहसील अध्यक्ष प्रमोद कुमार, रामोद सिंह, युवा जिला महासचिव सतविंदर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने तहसील परिसर में धरना दिया। किसानों ने लोनिवि, विद्युत, सिंचाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अपने बीच बैठाकर किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकर कराने का कहा। किसानों ने गन्ना ढुलान संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त करने, किसानों को घरेलू उपयोग के लिए मिट्टी ढुलान की अनुमति देने, किसान मजदूरों को गोवंश पालन के लिए 1500 रुपये प्रति माह धनराशि उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मांगों को धरनास्थल पर रखा।
प्रदर्शनकारी किसानों की ओर से एसडीएम को मुख्यमंत्री को 14 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया। मांग पत्र में खो नदी में हो रहे खनन के ओवरलोड और बिना रवन्ना दौड़ रहे वाहनों पर अंकुश लगाने, चीनी मिल के आसवनी प्लांट से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी रोकने, वन विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने सहित कई मांगें सम्मलित की।
प्रदर्शन में राकेश कुमार, राजवीर सिंह, टीकम सिंह, नरपाल सिंह, पृथ्वी सिंह, जाकिर हुसैन, शराफत अली, जाहिद, जसपाल सिंह, करणवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।