बकाया भुगतान और मिलों को जल्दी चलाने की मांग
बिजनौर, हल्दौर। ब्लॉक कार्यालय के ड्वाकरा हॉल में हुई सहकारी गन्ना विकास समिति के सामान्य निकाय की बैठक में धामपुर गन्ना विकास समिति को हल्दौर गन्ना विकास समिति में शामिल करने के प्रस्ताव को लेकर कुछ डेलीगेटों ने विरोध किया। बाद में प्रस्ताव को अस्वीकार करने पर मामला शांत हुआ।
बैठक में किसानों का बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र दिलाने, चीनी मिलों को शीघ्र चालू कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। बिलाई चीनी मिल के सहायक गन्ना महाप्रबंधक सिताब सिंह ने चीनी मिल को अक्तूबर के अंत तक चलाए जाने का आश्वासन दिया। कुछ किसान धामपुर गन्ना विकास समिति को हल्दौर गन्ना विकास समिति में सम्मिलित जाने के संबंध में प्रस्ताव रखना चाहते थे, लेकिन किसानों के दो गुटों में उक्त प्रस्ताव रखने को लेकर गहमागहमी शुरू हो गई। बाद में उक्त प्रस्ताव को टाल दिया गया। बैठक में डेलीगेटों ने चीनी मिल से किसानों के गन्ने का शीघ्र समस्त बकाया भुगतान दिलाए जाने, किसानों की पर्ची का निर्धारित वजन 15 क्विंटल जारी कराए जाने आदि कई मांगों को प्रमुखता से रखा। उक्त समिति में 95 डेलीगेट हैं, जिसमें 85 डेलीगेटों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता गन्ना विकास परिषद बिलाई समिति के ज्येष्ठ निरीक्षक अमित कुमार पांडे व संचालन समिति के सचिव ओमप्रकाश सिंह ने किया। इस मौके पर पूर्व समिति के चेयरमैन नरेश कुमार चौधरी, सरपंच रामपाल सिंह, सोनाथ सिंह, रामनाथ सिंह, हुकम सिंह, गजेंद्र सिंह ,राजेंद्र सिंह ,यशपाल सिंह, फकीरचंद ,सुनील कुमार, हरिओम सिंह ,नरदेव सिंह, चंद्रपाल सिंह आदि अनेक डेलीगेट ने भाग लिया।