नांगलसोती। सिंचाई के लिए दो शिफ्टों में बिजली मिलने से किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। किसानों ने कृषि पोषक फीडर पर निर्बाध 10 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग की है।
कृषि पोषक फीडर पर शासन के 10 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश थे, लेकिन विद्युत विभाग द्वारा पिछले माह से सुबह चार बजे से 11 बजे तक और शाम चार बजे से छह बजे तक बिजली आपूर्ति का शेड्यूल जारी किया गया है। दो शिफ्ट में बिजली आने से किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं।
किसानों कुलबीर सिंह, दिनेश कुमार, सुनील कुमार, राजीव कुमार, अरुण कुमार आदि का कहना है कि शाम को दो घंटे बिजली आने से किसानों को कोई लाभ नहीं मिल रहा है, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित है। किसानों ने बिजली आपूर्ति का शेड्यूल बदलकर सिंचाई के लिए लगातार 10 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग की है।
उधर, बरकातपुर 132 केवीए विद्युत उप संस्थान के अवर अभियंता अमित टंडन ने बताया कि कंट्रोल द्वारा शेड्यूल जारी किया गया है। सिंचाई के लिए लगातार बिजली आपूर्ति के लिए वे प्रयासरत है।