डीप फ्रीजर और एसी दे सकता है नुकसान
बिजनौर। डीप फ्रीजर अथवा एसी का प्रयोग नुकसानदायक हो सकता है। चिकित्सकों का मानना है कि गर्मी में विभिन्न प्रकार के खाद्य और पेय पदार्थ फ्रिज में रखकर प्रयोग हैं। भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए एसी का भी इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कोरोना संक्रमण के खतरे के चलते ये दोनों ही वस्तुएं हमारे स्वास्थ्य को भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसलिए इनका बहुत ही कम इस्तेमाल करें, हो सके तो अगर इन्हें प्रयोग में न लाया जाए तो और भी बेहतर है। दिन में अधिक ठंडा पानी पीने के बजाए बार बार गर्म पानी का इस्तेमाल करें। साथ ही सफाई का भी विशेष ध्यान रखें।
वर्तमान में पड़ रही चिलचिलाती गर्मी से राहत पाने के लिए हर कोई ठंडे खाद्य और पेय पदार्थ पसंद करता है। घर के कमरों और दफ्तरों में एसी का भी बहुतायत प्रयोग किया जाता है। जिला अस्पताल के फिजीशियन डा. राधेश्याम वर्मा बताते हैं कि कोरोना वायरस में ठंड समय तक रहने के ज्यादा चांस रहते हैं, हालांकि अभी तक इसके कोई पुख्ता प्रमाण नहीं मिले हैं। यह छुआछूत का रोग है और कोरोना संक्रमित रोगी के संपर्क में आने पर ही यह अधिक फैलता है, लेकिन अधिक ठंडे स्थानों पर इसका प्रभाव ज्यादा रहता है। उन्होंने बताया कि गर्म पानी कोरोना ही नहीं अन्य तमाम तरह के संक्रमण वाले वायरस से भी बचाव करता है।
सेंट्रल एसी से कोरोना का खतरा हो सकता है, लेकिन विंडो या सेप्रेट एसी से कोई नुकसान नजर नहीं आता। सेंट्रल एसी में एक ही सिस्टम के अलग अलग कमरों में ठंडी हवा जाती है। अगर किसी एक कमरे में रहने वाला संक्रमित व्यक्ति है तो दूसरे कमरे वाले भी संक्रमित हो सकते हैं। नाक, कान गला रोग विशेषज्ञ एवं आईएमए के जिलाध्यक्ष सुभाष राणा बताते हैं कि ठंडे खाद्य और पेय पदार्थ गले को सर्वाधिक नुकसान पहुंचाते हैं। इनसे टांसिल्स आदि होने का भी खतरा रहता है और इसका लगातार सेवन करने वाले व्यक्ति का गला खराब होने लगता है यानी आवाज भर्राने लगती है। इसलिए सभी को कोशिश करनी चाहिए कि फ्रिज में रखे खाद्य और पेय पदार्थों को खाने पीने से बचें तो और भी बेहतर है।