लापता युवती का जंगल में मिला शव
नहटौर। मां की डांट से क्षुब्ध होकर गई युवती का सड़ा, गला शव जंगल में पड़ा मिला। युवती का दुपट्टा पेड़ पर मिला। जिस कारण युवती के आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है।
गांव शमशाबाद निवासी ओम प्रकाश की 25 वर्षीय पुत्री गजरा कुमारी पांच दिन से लापता थी। बताया जाता है कि किसी बात को लेकर मां की डांट से क्षुब्ध होकर वह घर से चली गई थी। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चलने पर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार की शाम तीन बजे जंगल गए लोगों को दुर्गंध आने पर ईख के खेत में एक पेड़ के नीचे जाकर देखा तो सड़ी गली अवस्था में उसका शव पड़ा हुआ था। पेड़ पर एक दुपट्टा भी लटका हुआ था। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की हैं। शव पूरी तरह से गल चुका था। उसकी पहचान कपड़ों से की गई है।
पुलिस उसकी असल पहचान के लिए डीएनए संरक्षित करा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के एक पैनल टीम व डीएनए संरक्षित करने की प्रक्रिया की है। जिससे मामले का सही प्रकार से खुलासा हो सके। एसएसआई रामचन्द्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।