चांदपुर। मोहल्ला शाहचंदन में रविवार की रात 21 वर्षीय शावेज का शव कमरे में पंखे के कुंडे से लटका मिला। युवक की मौत से परिजनों में मातम छा गया।
मोहल्ला शाहचंदन निवासी सुलेमान का परिवार कहीं गया हुआ था। घर पर उनका पुत्र शावेज था। रविवार की रात्रि जब परिजन लौटकर घर आए तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने पर जब भीतर से कोई उत्तर नहीं मिला, तो परिजन छत के रास्ते घर में पहुंचे।
अंदर जाकर देखा तो शावेज का शव पंखे के कुंडे से लटका हुआ था। उसके बिस्तर पर मोबाइल फोन पड़ा था। डायल 112 पर फोन करने पर मौके पर पहुंची टीम ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मौके से शावेज का मोबाइल फोन और रस्सी थाने ले आई।
युवक की मौत से परिजनों में गम का माहौल बना हुआ है। पुलिस क्षेत्राधिकारी देश दीपक सिंह ने बताया कि युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर उसने आत्महत्या की है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।