दवा लेकर जा रहे चालक का कंटेनर में मिला शव
भागूवाला/नजीबाबाद। भागूवाला क्षेत्र में एक कंटेनर में चालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। चालक तीन दिन पूर्व हरिद्वार से दवा लेकर सिक्किम के लिए रवाना हुआ था।
भागूवाला के फूड प्लाजा के सामने दो दिन से दवाओं से भरा एक कंटेनर खड़ा था। कंटेनर की सीट पर चालक मृत मिला। पुलिस सूत्रों के अनुसार कंटेनर चालक 53 वर्षीय श्यामलाल हरिद्वार की दवा फैक्ट्री से दवाएं लेकर सिक्किम के लिए रवाना हुआ था। शनिवार को वह भागूवाला पहुंचा। बताया जाता है कि कंटेनर स्वामी से जब चालक से संपर्क नहीं हुआ तो उसने जीपीएस के माध्यम से कंटेनर की लोकेशन निकाली। कंटेनर द्वारा हरिद्वार से चलने के बाद भागूवाला में डीजल लेने की पुष्टि होने के बाद पेट्रोल पंप से संपर्क कर कंटेनर को खोजा गया। कंटेनर लॉक था तथा उसके अंदर सीट पर चालक मृत पड़ा था। सूचना मिलते ही मंडावली पुलिस के एसआई बाबूराम गौतम ने कंटेनर स्वामी से संपर्क कर चालक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अनुमान है कि शनिवार रात कंटेनर में आराम करते समय चालक की मौत हो गई।