हल्दौर। गांव अम्हेड़ा के पास सोमवार रात एक बजे सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
मुजफ्फरनगर से दवाइयों की सप्लाई लेकर एक डीसीएम शाहजहांपुर, लखनऊ व कानपुर की ओर जा रही थी। बिजनौर–मुरादाबाद हाईवे पर गांव अम्हेड़ा के पास तकनीकी खराबी के कारण एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। ट्रक में टक्कर लगने से डीसीएम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में डीसीएम चालक मनोज मिश्रा (35) निवासी गांव तेंदुआ थाना फूलगढ़, हेल्पर विक्रम (32) निवासी गांव गोल्हा थाना कोतवाली शहर जनपद लखीमपुर खीरी तथा एक अन्य नामेश (34) निवासी जनपद सीतापुर वाहन में फंस गए। चीखपुकार सुनकर पास के ढाबे पर मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक किशन अवतार सिंह पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए बिजनौर भिजवाया। उधर, सड़क किनारे खड़े ट्रक का चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।