बिजली कनेक्शन कटने से तहसील कालोनी में रहा अंधेरा
धामपुर। विद्युत निगम की टीम की कार्रवाई के बाद तहसील के सरकारी आवासों में बृहस्पतिवार रात को पूरी तरह से अंधेरा रहा। विद्युत निगम ने बगैर कनेक्शन के बिजली सप्लाई देने से इंकार कर दिया है। कहा गया कि जो कनेक्शन लेने को आवेदन करेगा। उसी को प्रक्रिया के तहत बिजली के कनेक्शन दिए जाएंगे। हालांकि शुक्रवार को कालोनी के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने बिजली के कनेक्शन लेने को आवेदन नहीं किया।
विद्युत निगम के एसडीओ हर्षित श्रीवास्तव और जेई राहुल मौर्य ने बताया कि तहसील कालोनी में छह ब्लाकों में करीब 36 से ज्यादा आवास हैं। कालोनी में तहसीलदार सहित नायब तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी निवास करते हैं। अधिकांश अधिकारियों और कर्मचारियों के आवासों में विधिवत कनेक्शन के बिना ही बिजली का उपभोग किया जा रहा था। एक्स्ईएन वीरेंद्र कुमार के आदेश पर बृहस्पतिवार को बिजली की चेकिंग की गई तो अधिकांश आवासों में बिजली चोरी होते हुए मिली। जिन आवासों में बिजली चोरी पकड़ी गई। उनके आवासों के टीम ने केबल उतार लिए। जब वह कार्रवाई करने के बाद केबलों को उतारने के बाद उन्हें गाड़ी में भर वहां से जाने का प्रयास कर रहे थे तो कालोनी में रहने वाले कर्मचारियों ने कालोनी के मेनगेट पर ताला डाल कर अधिकारियों को टीम के साथ करीब एक घंटे बंधक बनाए रखा। एसडीएम धीरेंद्र सिंह के हस्तक्षेप के बाद तहसील कालोनी का ताला खोल कर निगम के अधिकारियों को बंधक मुक्त किया। इससे पहले निगम के अधिकारियों और तहसील अधिकारियों में तीखी नोकझोंक भी हुई। निगम की कार्रवाई के बाद तहसील कालोनी में अंधेरा छाया रहा है। एक्सईएन वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बिजली चोरी नहीं होने दी जाएगी।
-----
तहसीलदार का कहना है कि उनके आवास में तो बिजली का कनेक्शन है। जिन आवासों में बिजली का कनेक्शन नहीं है उसकी जांच कराई जा रही है। जो आरोपी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। तहसीलदार ने बताया कि यह भी पता चला है कि इस कालोनी के अधिकांश आवासों में प्राइवेट लोग परिवारों के साथ रह रहे हैं। इन सभी की जांच शुरू कर दी गई है।