नजीबाबाद के गांव नंगला उब्बन में क्षतिग्रस्त नालियां।
- फोटो : NAZIBABAD
गांव नंगला उब्बन में क्षतिग्रस्त नालियों से घरों को खतरा
नजीबाबाद। गांव नंगला उब्बन में क्षतिग्रस्त नालियों से घरों के गिरने का खतरा बना है। ग्राम प्रधान समेत ग्रामीणों ने लोनिवि से क्षतिग्रस्त नालियों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
प्रधान राजवीर सिंह, ग्रामीण नागेश कुमार, पवन चौहान, सुखवीर सिंह, उदयपाल सिंह का कहना है कि 17 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत कल्हेड़ी मार्ग से गांव नाजिमपुर तक लोनिवि द्वारा पक्की सड़क का निर्माण कराया गया था, जिसमें गांव नंगला उब्बन के बीच में सीसी मार्ग और दोनों ओर नालियां भी बनवाई गईं थी। तब से लेकर अब तक गांव के बाहर दो बार सड़क की मरम्मत हो चुकी है, लेकिन गांव के भीतर सीसी मार्ग और नालियों की सुध नहीं ली। लोनिवि द्वारा गांव के बीच बनी सीसी सड़क और नालियां अब क्षतिग्रस्त हो गई हैं। नालियों में जमा पानी घरों की नींव में समा रहा है। जिससे ग्रामीणों के घरों पर गिरने का खतरा बना है।
ग्रामीणों ने इस संबंध में लोनिवि के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने लोनिवि से क्षतिग्रस्त मार्ग और नालियों को जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।