डीएम आवास के सामने से ही हो रही डग्गामारी
बिजनौर। नगर में डीएम आवास के सामने से ही खुलेआम डग्गामारी हो रही है। जिले में एआरटीओ और पुलिस की उदासीनता के चलते डग्गामारी का खूब खेल चल रहा है। लाख कोशिशों के बाद भी डग्गामारी बंद नहीं हो पा रही है। डग्गामारी पर विराम न लगने से एक ओर तो बिजनौर डिपो को हर रोज हजारों रुपये की राजस्व हानि हो रही है तो वहीं दूसरी शहर में जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
जिला प्रशासन के काफी प्रयासों के बाद भी जिले में डग्गामारी का खेल नहीं रोक पा रहा है। पूरे दिन रोडवेज बस स्टेशन के पास से लेकर डीएम आवास सामने और मिशन कंपाउंड तक में डग्गामारों ने अवैध रूप से अपना अड्डा बना लिया है। नियमानुसार रोडवेज बस स्टेशन की एक किलोमीटर की परिधि में कोई भी यात्री वाहन स्टैंड नहीं बनाया जा सकता। इसके बावजूद डग्गामार वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर अनधिकृत स्टैंड से ही वाहनों का संचालन कर रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बार बार शिकायत करने के बाद भी एआरटीओ और पुलिस इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे इन डग्गामार वाहन चालकों के हौसले बुलंद हैं। एआरटीओ प्रवर्तन मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जिले में डग्गामारी नहीं होने दी जाएगी। अभियान चलाकर अनधिकृत रूप से वाहनों का संचालन करने वाले सभी वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।