भागूवाला में टोल प्लाजा के निकट बंद किए गए यू-टर्न। संवाद
मंडावली/नजीबाबाद। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए हरिद्वार काशीपुर नेशनल हाईव पर यू-टर्न और अवैध कट बंद कर दिए गए हैं ताकि हादसा नहीं होने पाए। उधर हरिद्वार से कांवड़ लाने का सिलसिला शुरू हो गया है। हाईवे पर शिवभक्त भोले की जय जयकार करते हुए अपनी मंजिल की तरफ बढ़ते हुए नजर आए।
हरिद्वार से कांवड़ लाने के लिए शिवभक्तों का पहुंचना शुरू हो गया है। शुक्रवार को हरिद्वार से कांवड़ और गंगाजल लेकर कई कांवड़िये भागूवाला और मोटा महादेव मंदिर क्षेत्र में पहुंचे। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए भागूवाला में निर्माणधीन टोल प्लाजा के निकट फोरलेन के सभी यू-टर्न बंद करा दिए गए हैं। इसके अलावा कांवड़ यात्रा मार्ग के साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं। मोटा महादेव बाईपास मार्ग और नजीबाबाद-बुंदकी बाया नगीना मार्ग किनारे झाड़ियां की कटाई और सड़क किनारे सफाई गई। निर्धारित पुलिस पिकेट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है।
पहले पड़ाव मोटा महादेव मंदिर पर होता है जलाभिषेक : कांवड़ यात्रा को लेकर मोटा महादेव मंदिर पर तैयारियां पूरी हो गई हैं। हरिद्वार से कांवड़ लाने के बाद कांवड़ियों के लिए पहला पड़ाव मंडावली क्षेत्र का स्वयंभू मोटा महादेव सिद्धपीठ पड़ता है। यहां जलाभिषेक करने के बाद ही शिवभक्त अपने गंतव्य को बढ़ते हैं। हरिद्वार से कांवड़ उठाने पर मंदिर में जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों को अलग से गंगाजल की शीशी मिलती है।
भागूवाला में टोल प्लाजा के निकट बंद किए गए यू-टर्न। संवाद