आईपीपीबी बैंक खाते में सीधे धन जमा कर सकेंगे ग्राहक
बिजनौर। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) की एप से भीम यूपीआई को जोड़ा गया है, जिससे ग्राहकों को बहुत सी अन्य सुविधाएं मिल गई हैं। इसके लिए आईपीपीबी खाते में रुपये किसी भी बैंक से भेज सकेंगे। किसी अन्य खाताधारक से गूगल पे, फोन पे एवं अन्य पेमेंट ऐप की तरह रुपये की मांग भेज सकेंगे। अब कैश लैस ट्रांजेक्शन भी एप के माध्यम से कर सकते हैं।
जनपद में एक सितंबर 2018 को इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की शुरुआत हुई थी। तब से लेकर 13 दिसंबर 2020 तक इसके अंतर्गत कुल एक लाख 40 हजार इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (आईपीपीबी) के खाताधारक हो चुके हैं। इनमें प्रधान डाकघर के लगभग 40 हजार खाता धारक शामिल हैं। इसके जरिये ग्रामीणों को बैंकिंग से जोड़ने की कोशिश की गई है। शहरों और नगरों में स्थित डाकघरों में यह खाता खुलवाया जा सकता है। इस खाते को बचत खाते से भी जोड़ा जा सकता है। इसके तहत रेगुलर, डिजिटल, बेसिक सेविंग्स एकाउंट में धन जमा के लिए भीम यूपीआई को जोड़ा गया है। इसके जरिये घर बैठे बैंक से जुड़े सारे काम हो जाएंगे।
ग्राहकों का आईपीपीबी में खाता होना जरूरी है। यूपीआई आईडी ग्राहक के मोबाइल पर होगी। इसकी सहायता से किसी भी बैंक खाते से रुपये आईपीपीबी खाते में भेज सकेंगे। रिक्वेस्ट मनी के माध्यम से किसी अन्य खाताधारक से गूगल पे, फोन पे एवं अन्य पेमेंट एप की तरह रुपये मंगवा सकेंगे। स्कैन और पे के माध्यम से कैश लैस ट्रांजेक्शन सीधे एप के माध्यम से की जा सकती है। अब ग्राहकों को बाजार में खरीदारी करने पर नकद भुगतान न कर इसके जरिए पेमेंट कर सकेंगे। इस एप से दुकानदार को उसके यहां मौजूद क्यूआर कोड को स्कैन करके सीधे खाते में भुगतान करने की सहूलियत प्रदान की गई है। यह सुविधा कोविड-19 के समय काफी उपयोगी है। इससे महामारी में ग्राहकों को सुरक्षित रहने में सहायता मिलेगी।
डाक अधीक्षक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि इस सुविधा का लाभ जिले के लगभग एक लाख 40 हजार आईपीपीबी खाताधारकों को मिलेगी। इनमें से करीब 40 हजार खाते शहर के प्रधान डाकघर के शामिल हैं। उन्होंने बताया कि धीरे -धीरे डाक विभाग की अन्य सेवाओं में विस्तार किया जा रहा है।