ख्रीस्त जयंती स्कूल बड़िया में आयोजित वार्षिक क्रीड़ा समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षण की छठा बिखेरी। विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में प्रतिभागी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
गांव बड़िया स्थित ख्रीस्त जयंती में बुधवार को वार्षिक क्रीड़ा समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि बिशप ग्रेशियन मुंडाडन और एफसीसी नोएडा से आईं सिस्टर बैटी ने दीप प्रज्ज्वलित कर और आकाश में कबूतर , गुब्बारे उड़ाकर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समापन पर बिशप ग्रेशियन मुंडाडन ने मशाल जलाकर खेलकूद प्रतिस्पर्धाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने मशाल स्पोर्ट्स कैप्टन सागर मंडल को सौंपी। कंपीटीशन में प्रतिभाग कर रहे स्कूल के चारों सदनों के बच्चों ने मार्च पास्ट से रोमांच पैदा किया। 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, रिले रेस में खिलाड़ियों ने प्रतिभा दर्शाई। ऑलओवर प्रतिस्पर्धाओं में रेड हाउस प्रथम और ब्लू हाउस द्वितीय रहा। शिक्षिकाओं का सहयोग रहा।
डांस प्रतियोगिता में बच्चों के खूब थिरके कदम
बिजनौर । एएन इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को केजी सेक्शन में ग्रुप डांस प्रतियोगिता में नन्हे - मुन्नो ने मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता में कक्षा नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का निर्देशन केजी इंचार्ज नीरा तोमर ने किया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने ओम सांई नाम, लकड़ी की काठी, चक धूम धूम, छोटा बच्चा जान के, बल्ले बल्ले, आदि गीतों पर आकर्षक डांस प्रस्तुत कर सबका मनमोह लिया। ग्रुप डांस प्रतियोगिता में कक्षा नर्सरी के बच्चों ने बल्ले बल्ले पर डांस कर प्रथम, यूकेजी के बच्चों ने दूसरा और एलकेजी के बच्चों ने लुंगी डांस पर डांस कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रधानाचार्य डॉ. सरजीत सिंह ने विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। निर्णयक मंडल में डॉ. नीता सिंह, मणि जैन, अपर्णा रस्तोगी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन रेशु वर्मा और मीनाक्षी शर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. पीके सिंह, अशोक जैन, डॉ. निखिल, डॉ. सोनल सिंह, आशीष जैन व बीना जैन आदि मौजूद रहे।