स्योहारा। आस्था और अटूट श्रद्धा का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए मुरादाबाद जनपद के कुंदरकी क्षेत्र के गांव मझरा बहापुर निवासी ब्रजेश कुमार उर्फ भगत जी 185 किलोमीटर की दंडवत यात्रा पर हरिद्वार के लिए रवाना हुए हैं।
उन्होंने यह कठिन धार्मिक यात्रा 15 जुलाई से शुरू की है। ब्रजेश कुमार का कहना है कि उन्होंने भगवान शिव और मां गंगा के प्रति अपनी गहरी आस्था एवं मनोकामना पूर्ण होने पर यह संकल्प लिया था। उसी संकल्प की पूर्ति के लिए वह दंडवत करते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे और वहां गंगाजल अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। यात्रा के दौरान वह प्रतिदिन निर्धारित दूरी तय करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। श्रद्धालु उन्हें जलपान, फल और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उनका उत्साहवर्धन कर रहे हैं।