बिजनौर में जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन नहीं होने पर मरीजों को प्राइवेट अस्पताल का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन लगने का कार्य शुरू हो गया है। अस्पताल द्वारा एक्सरे मशीन की जगह भी शिफ्ट की जा रही है।
जिले में आए दिन कई सड़क हादसे होते हैं। कई बार सड़क हादसों में सिर में चोट लग के कारण जान तक चली जाती है। सिर में चोट लगे घायल मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए प्राइवेट अस्पताल का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन अब जिला अस्पताल में आने वाले मरीज अस्पताल में सिटी स्कैन सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। अस्पताल स्थित पैथोलॉजी लैब में सिटी स्कैन मशीन लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अब मरीज कम खर्च में ही अस्पताल में सिटी स्कैन करा सकेंगे और उन्हें प्राइवेट अस्पताल नही जाना पडे़गा। करीब एक सप्ताह में सिटी स्कैन मशीन अस्पताल में पहुंच जाएगी। मशीन के लिए विद्युत लाइन डाल दी गई है। इसके साथ ही एक्सरे मशीन को भी जल्द शिफ्ट किया जाएगा।