हीरोज ऑफ इस्लाम में छपा जाकिर नाइक का फोटो (लाल घेरे में)।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में कुछ इस्लामिक स्कूलों में देश से फरार चल रहे जाकिर नाइक को नायक के रूप में पढ़ाया जा रहा है। कक्षा दो में पढ़ाई जा रही पुस्तक हीरोज ऑफ इस्लाम नाम की किताब में जाकिर नाइक को भी इस्लामिक जगत की अन्य हस्तियों के साथ पाठ में शामिल किया गया है। बिजनौर, अलीगढ़ व दिल्ली के कुछ इस्लामिक स्कूलों में यह पुस्तक पढ़ाई जा रही है। हालांकि बिजनौर का मामला संज्ञान में आने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इसकी जांच कराने की बात कही है।
कुछ अभिभावकों ने किरतपुर क्षेत्र के एक निजी स्कूल में इस पुस्तक को पढ़ाए जाने की जानकारी अमर उजाला को दी है। कक्षा दो के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई जा रही हीरोज ऑफ इस्लाम नाम की किताब में कट्टर इस्लामिक विचारक जाकिर नाइक सहित दो पाकिस्तानियों को भी हीरो के रूप में पढ़ाया जा रहा है। किताब के 22वें अध्याय के पेज नंबर 42 पर जाकिर नाइक को नायक बताया गया है।
किताब इस्लामिक मिशन स्कूल पब्लिकेशन के नाम से अलीगढ़ में प्रकाशित की गई है और इसे डा. कुनेब ने संपादित किया है। हालांकि स्कूल के संचालक ने ऐसी कोई किताब पढ़ाने से इंकार किया है। उनका यहां तक कहना है कि उनके स्कूल में इस्लाम से संबंधित कोई किताब या हीरोज ऑफ इस्लाम नाम की कोई किताब स्कूल नहीं पढ़ाई जाती है। बता दें, जाकिर नाइक जुलाई 2016 से देश से फरार है। एनआईए उनके खिलाफ मुंबई शाखा में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करा रखा है। जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन पर गृह मंत्रालय ने रोक लगा रखी है। बांग्लादेश में हुए आतंकी हमले में शामिल आतंकियों ने डा. जाकिर नाइक से प्रभावित होने की बात कबूल की थी।