स्योहारा में जहरीली शराब पीने से मरने के मामले में पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
स्योहारा में गांव में बनाई जा रही कच्ची शराब पीने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों को इलाज के लिए मुरादाबाद ले जाया गया है। सूचना पर एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव, आबकारी विभाग की टीम, एसडीएम, सीओ मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, पुलिस गांव में शराब बेचने के आरोपी की तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव दिंदरपुर में दो लोग अवैध रूप से कच्ची शराब बेचते हैं, यह शराब गांव में ही बनाई जाती है। 15 अगस्त को गांव के आसपास की शराब की दुकान बंद थीं। गांव के ही ओमराज सिंह, जोगेंदर, जुगनू और कांठ थाने के गांव मिश्री बेगमपुर निवासी बिट्टू ने गांव के ही अवैध शराब बेचने वाले से शराब खरीद कर पी ली। शराब पीने के बाद रात में चारों की तबियत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें स्थानीय चिकित्सकों के यहां भर्ती कराया। 16 अगस्त को ओमराज सिंह (35) की हालत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे मुरादाबाद ले जा रहे थे। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। जबकि बाकी तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें भी मुरादाबाद ले जाया गया है।
शराब पीने से ओमराज की मौत और तीन की हालत गंभीर होने से ग्रामीणों में गुस्सा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ओमराज के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव, एसडीएम आलोक कुमार यादव, आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि ओमराज के पिता रूपचंद ने अवैध शराब बेचने वाले गांव दिंदरपुर निवासी लाल सिंह के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के बाद से लाल सिंह फरार है, पुलिस ने उसकी तलाश के लिए तीन टीम बनाई गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
पुलिस की मिलीभगत से चल रहा धंधा
बिजनौर में जिले में अवैध शराब का खेल रुक नहीं रहा है। आबकारी विभाग और पुलिस की मिलभगत से गैर राज्यों से खूब शराब लाकर चोरी छिपे बेची जा रही है। इस काम में कई शराब माफिया लगे हैं। हरियाणा से शराब लाई जा रही है। आलम ये है कि गांव-गांव अवैध शराब का कारोबार खूब चल रहा है। गांवों में तमाम शराब माफिया सक्रिय हो गए हैं। कई शराब के कारोबारी ऐसे हैं जो गांव में ही अवैध रूप से शराब बना रहे हैं। इस शराब को बनाकर आसपास के इलाके में बेच रहे हैं। शराब बनाने में जहरीले सामान का प्रयोग हो रहा है। स्योहारा क्षेत्र के गांव दिंदरपुर में ऐसी ही शराब पीने से ओमराज की मौत हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव के दो युवक गांव में ही शराब बनाकर बचे रहे थे। पूरे इलाके में इनकी बनाई शराब बेची जा रही थी। जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र कुमार के मुताबिक 15 अगस्त को गांव के कुछ लोगों ने ये शराब बेची। ओमराज व तीन अन्य लोगों ने जमकर शराब पी, ओमराज की ज्यादा शराब पीने से मौत हो गई।