मलकपुर के जंगल में जांच में जुटी पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
स्योहारा में आपसी कलह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को जंगल में ले जाकर चाकू से बुरी तरह गोद कर मारने की कोशिश की। पत्नी को मृत समझकर पति जंगल में छोड़कर फरार हो गया। महिला को उपचार के लिए हायर सेंटर मुरादाबाद भेजा गया है।
शुक्रवार रात चली तेज हवाओं व बारिश के कारण शनिवार अलसुबह गांव मलकपुर में ग्रामीण जंगल में अपने खेतों पर फसल देखने के लिए गए थे। ग्रामवासियों को एक लहूलुहान महिला बेहोशी की हालत में खेत पर पड़ी हुई मिली। महिला को देख किसानों के होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी प्रभारी विशाल दिवाकर ने बताया कि महिला के शरीर पर 12 जगह चाकू के निशान मिले हैं। सभी गहरे हैं। महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर मुरादाबाद रेफर किया गया है। बिजनौर से आई डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
एसआे अरिहंत कुमार सिद्धार्थ के मुताबिक घायल महिला (42) हिना की शादी नगर के मोहल्ला तलाई निवासी आसिफ की पत्नी है। आसिफ काफी समय से अपने परिवार के साथ नगर के मोहल्ला खालिदनगर में किराए के मकान पर रह रहा था। तीन दिनों से आसिफ व उसकी पत्नी हिना घर से गायब थे और कमरा बंद पड़ा था। दोनों में पारिवारिक क्लेश चल रहा था। माना जा रहा है कि इसके चलते आसिफ ने हिना को नगर से सटे मलकपुर जंगलों में ले जाकर चाकू से हमला कर जान से मारने की कोशिश की और हिना को मृत समझकर खेत में ही छोड़ कर फरार हो गया। हिना अभी कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस जांच में जुटी है।