बिजनौर में पुलिस ने दहेज हत्या के आरोपी पति को दबोच लिया है। मृतका के परिजन इस मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को शहर कोतवाल से मिले थे।
कोतवाली शहर के गांव रामपुर बकली निवासी रामपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी सुनीता की शादी वर्ष 2002 में मोहल्ला जाटान निवासी अमित कुमार के साथ हुई थी। उसकी एक बेटी व तीन बेटे हैं। 20 फरवरी को सुनीता ने उनको फोन पर बताया था कि उसका पति अमित, सास लीलो देवी, जेठ आदेश कुमार व जेठ का बेटा बिट्टू उसे परेशान कर रहे हैं। उससे दहेज में रुपये लाने की डिमांड की जा रही है। 23 फरवरी को मोहल्ला जाटान से किसी ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि उनकी बेटी को ससुरालवालों ने जला दिया है। रामपाल पत्नी के साथ बेटी के घर पहुंचे तो वह झुलसी पड़ी थी और परिवार के सभी सदस्य फरार थे। बेटी ने बताया कि उसके पति, सास, जेठ व उसके बेटे ने उसे जलाया है। बाद में उसकी मौत हो गई। दहेज हत्या की रिपोर्ट शहर कोतवाली में दर्ज कराई गई।
रविवार को मृतका के मायकेवाले कार्रवाई की मांग को लेकर सीओ सिटी व शहर कोतवाल से मिले थे। पुलिस ने मृतका के पति अमित को दबोच़ लिया है। शहर कोतवाल शैलेंद्र प्रताप गौतम के मुताबिक आरापियों की तलाश चल रही है।