जलीलपुर में बिजनौर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुई जच्चा बच्चा की मौत के बाद परिजनों ने शुक्रवार को पीएचसी जलीलपुर मे हंगामा कर चिकित्सकों, एएनएम और आशा पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों ने थाना चांदपुर जाकर गलत इलाज का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी।
गांव माहू निवासी विनोद कुमार की पत्नी राखी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने पीएचसी भर्ती कराया था। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे चांदपुर के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया था। वहां भी परेशानी होने पर परिजन उसे बिजनौर ले आए। यहां महिला ने पहले मृत शिशु को जन्म दिया। बाद में महिला की भी मौत हो गई।
शुक्रवार को परिजनों ने पीएचसी जलीलपुर के चिकित्सकों और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों ने एएनएम रेनूवाला पर गलत इलाज करने और जिला अस्पताल न भेजकर चांदपुर के एक निजी अस्पताल भेजने का आरोप लगाया। पति विनोद कुमार ने मामले की चांदपुर पुलिस को तहरीर दे दी है। प्रभारी डाक्टर केपी सिंह ने बताया महिला को हाई रिस्क प्रेगनेंसी थी। परिजनों को जिला अस्पताल लेकर जाने की सलाह दी थी। लेकिन परिजन अपनी ईच्छा से चांदपुर के निजी अस्पताल लेकर गए थे। इसमें उनके स्टाफ व एएनएम की कोई लापरवाही नहीं है।