नजीबाबाद में नेशनल हाईवे पर सीमेंट से लदे ट्रक और कार के बीच भीषण टक्कर में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। कार सवार गंभीर रूप से घायल महिला को देहरादून रेफर किया गया है। ट्रक चालक व क्लीनर घटनास्थल पर ट्रक छोड़कर फरार हो गए। मृतक के पुत्र की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बृहस्पतिवार देर रात करीब डेढ़ बजे कोतवाली मार्ग पर श्रवणपुर नहर पुल से पहले दर्दनाक हादसा पेश आया। केन क्रेशर के सामने सीमेंट से लदे ट्रक व आल्टो कार के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में कार में सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतकों की पहचान हिमाचल के जिला सोलन के थाना बद्दी के गांव सुराज माजरा निवासी करमचंद (52) और जिला सिरमौर के थाना पौंटा साहिब के गांव कोल्लर निवासी देवराज के पुत्र तेजा (20) के रूप में हुई। करमचंद की बहन गुरमीत कौर को गंभीर चोटें आने पर जिला चिकित्सालय से देहरादून रेफर किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेजा गया।
बताया गया कि मुरादाबाद निवासी मोबीन अहमद का ट्रक यूपी 21एन 8380 लक्सर से सीमेंट लेकर मुरादाबाद जा रहा था। उधर, आल्टो कार में सवार लोग बरेली से बद्दी जा रहे थे। घटना के बाद ट्रक चालक व क्लीनर घटनास्थल पर ट्रक छोड़कर फरार हो गए। मृतक करमचंद्र के पुत्र बलविंदर की ओर से ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विद्युत पोल टूटा, बड़ा हादसा टला
नजीबाबाद। ट्रक व कार के बीच भीषण टक्कर होने के साथ ट्रक 33 हजार किलोवाट क्षमता की विद्युत लाइन के सीमेंटेड खंभे से भी टकरा गया। खंभा टूटने के साथ उच्च क्षमता की विद्युत लाइन खतरनाक ढंग से काफी नीचे लटक गई। संयोग से विद्युत लाइन में अभी करंट नहीं छोड़ा गया है, जिससे गंभीर हादसा टल गया।