कोतवाली देहात। क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई दुर्घटनाओं में दो व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि दो घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली देहात की रजा कॉलोनी निवासी मेराजुद्दीन का दस वर्षीय पुत्र अबुजर सड़क पार कर रहा था। सामने से कोतवाली देहात निवासी 32 वर्षीय सलमान बाइक से आ रहा था। सड़क पार करते समय अबुजर बाइक की चपेट में आ गया।
हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सलमान मामूली रूप से घायल हो गया। उसे उपचार हेतु निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया । दूसरी घटना में नहटौर के हाथी वाला मंदिर के निकट निवासी नौशाद 50 वर्ष अपने 28 वर्षीय भाई शहजाद के साथ नजीबाबाद गए थे।
शुक्रवार की देरशाम जब दोनों बाइक से वापस लौट रहे तो कोतवाली के निकट गांव दौलताबाद के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर बुग्गी की चपेट में आ गई। हादसे में नौशाद की मौके पर ही मौत हो गई। शहजाद को गंभीर हालत में उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे बिजनौर रेफर कर दिया।
उधर, गोहावर में मुरादाबाद मार्ग पर गांव मंडैयो में थ्रीव्हीलर की चपेट में आकर साइकिल पर सवार चंदरे की पुत्री माया देवी (14) घायल हो गई। परिजनों ने उसे नूरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद थ्रीव्हीलर चालक वाहन को लेकर फरार हो गया।
उधर, मंडावली में शुक्रवार शाम नेशनल हाईवे पर ग्राम राहतपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के निकट ट्रेक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में ट्रेक्टर ट्रॉली पर सवार तीन लोग घायल हो गए। चिंताजनक हालत में एक घायल दारानगर निवासी नदीम (40) को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संदिग्ध परिस्थितियों में मजदूर की मौत
बढ़ापुर। किरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अबुलफजलपुर खास निवासी जितेंद्र कुमार अकबराबाद के किसी ठेकेदार के साथ मजदूरी करने चार दिन पूर्व वीरभानवाला आया था। जितेंद्र और उसके साथी मजदूर गांव में प्रेम सिंह के डेरे के पास लगे तंबू में रात्रि विश्राम करते हैं।
रात में संदिग्ध परिस्थिति में जितेंद्र (30) की मौत हो गई। सुबह पता लगने पर साथी मजदूरों ने जितेंद्र के परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन वीरभानवाला से शव बढ़ापुर थाने लेकर आए। मृतक के छोटे भाई ने तहरीर देकर शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग रखी।
साइकिल सवार वाहन की चपेट में आया
हल्दौर। क्षेत्र के कस्बा झालू के मोहल्ला वाल्मीकि बस्ती निवासी 55 वर्षीय शरीफ अहमद शुक्रवार को साइकिल से अपने खेत पर जा रहे थे। नहर के पास उनकी साइकिल किसी वाहन की चपेट में आ गई, जिसमें शरीफ अहमद की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर परिजन शव को उठाकर ले गए और सुपुर्दे खाक कर दिया। परिजनों ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इंकार कर दिया।
बस और बाइक की टक्कर, एक घायल
कालागढ़। अफजलगढ़ निवासी सलमान हाईडिल कालोनी की मस्जिद में नमाज पढ़ने आया था। लौटते समय उसकी बाइक और स्कूली बस की टक्कर हो गई। जिससे सलमान का हाथ टूट गया और सिर में गंभीर चोट आईं। उसे काशीपुर ले जाया गया है। थानाध्यक्ष एनके गहलावत के अनुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
ट्रक-ट्रैक्टर की टक्कर से यातायात प्रभावित
मंडावली। गांव दाऊदपुर निवासी विनीत ट्रैक्टर लेकर बृहस्पतिवार रात घर जा रहा था। सामने से आ रहे रेत-बजरी से भरे ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गया। चालक मामूली रूप से चोटिल हुआ। घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे का यातायात प्रभावित रहा। मंडावली पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया।