मोहल्ला काजी सराय में खाली कराने के लिए मदरसे की तोड़ी गई दीवार।
- फोटो : अमर उजाला
नगीना में मोहल्ला काजी सराय में कई वर्षों से एक मकान में संचालित हो रहे मदरसे को खाली कराने पहुंचे लोगों ने छत और दीवार गिरा दी। मौलाना की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजदों को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी नाथूराम पवार ने बताया कि मौलाना अब्दुल खालिक निवासी काजी सराय की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस मकान में करीब 12 वर्षो से मदरसे का संचालन उनके द्वारा किया जा रहा है। इस मदरसे में उनके साथ मौलाना अतीकुर्रहमान व मौलाना हबीबुर्रहमान यहां रह रहे 27 बच्चों को कुराने करीम की शिक्षा देते हैं जो इसी मदरसे में रहते हैं। आरोप है कि रविवार सुबह करीब आठ बजे दो दर्जन से अधिक लोग हथौड़े, सब्बल व फाबड़े लेकर पहुंचे और मदरसे के दरवाजों को तोड़ कर अंदर घुस गए जहां दीवारों छतों को गिराना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी लोग फरार हो गए। पुलिस ने तीन लोगों मोहम्मद फैज, तहसीम, इरशाद को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि दूसरे पक्ष से संपर्क नहीं हुआ है। मदरसे के बच्चों की सुरक्षा के लिए दो पुलिस कर्मियों को तैनात किया है।