नहटौर में थ्रीव्हीलर के इंजन में चादर लिपटने से दम घुटने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई। चालक उसे सड़क किनारे डालकर फरार हो गया। पुलिस रिपोर्ट दर्जकर शव पीएम के लिए भेज दिया है।
गांव नौंरगपुर निवासी राजेश कुमार (45) आंख की दवा लेने के लिए धामपुर के लिए निकला था। बताया जाता है कि वह धामपुर जाने के लिए थ्री व्हीलर में ड्राइवर के बराबर वाली सीट पर बैठ गया। उसने चादर ओढ़ रखी थी। नहटौर धामपुर मार्ग पर गांगन पुल के निकट थ्री व्हीलर को चालू करने वाली पुली में अचानक उसकी चादर आ गई।
चादर गले में लिपट गई। इससे वह बेहोश हो गए। पुली के ऊपर लगने वाली लोहे की प्लेट नहीं होने से हादसा हो गया। आरोप है कि थ्री व्हीलर चालक उसे सड़क किनारे डालकर फरार हो गया। राहगीरों ने एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र ने थ्री व्हीलर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल दुर्गेश कुमार मिश्र का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।