बिजनौर पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने बाइक चोर गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर चोरी की 13 बाइक व एक कटी हुई बाइक बरामद की हैं।
एसपी अजय साहनी के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम ने गांव सदुपुरा के पास से सदुपुरा निवासी शादाब, अनुज व गांव घुडियापुर निवासी अजीत को चोरी की बाइक के साथ दबोचा। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी की 13 व एक कटी हुई बाइक विभिन्न जगहों से बरामद की हैं।
गैंग का एक सदस्य मोहल्ला मिर्दगान निवासी शाबेज पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। पकड़े गए तीनों चोर फरार साथी के साथ बिजनौर व आसपास के क्षेत्रों से बाइक चोरी करके इनका इंजन छह हजार रुपये में पुरानी बाइक में लगाकर बेच देते थे। बाइक के बाकी पार्ट्स कबाड़ी को बेच देते थे।
गैंग यह काम काफी दिन से कर रहा था। एसपी ने गैंग को पकड़ने वाली टीम में शामिल क्राइम बांच के दरोगा फतेह सिंह, वीरेंद्र कुमार, शहर केातवाल प्रेमवीर राणा, एसएसआई धर्मपाल सिंह, दरोगा जयभगवान सिंह, मुनेश कुमार समेत पूरी टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।