नजीबाबाद में उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का असर पहले ही दिन से नजर आने लगा है। स्थानीय प्रशासन ने रेत का अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई करना शुरू कर दी है। सोमवार को पहले दिन रेत से भरी तीन बुग्गियां पकड़ी गईं।
एसडीएम वीके सिंह और सीओ रामानंद कुशवाहा के नेतृत्व में गठित टीम ने सोमवार सुबह हरिद्वार मार्ग पर बिजौरी का तिराहा क्षेत्र से रेत से भरीं तीन घोड़ा बुग्गियां पकड़ीं। तीनों बुग्गियों को पकड़कर तहसील परिसर में लाकर खड़ा किया गया। बुग्गी चालक अलीपुरा निवासी फरीदुद्दीन, हफीज, सलीम ने प्रशासन को बताया कि वह रेत का खनन नहीं करते हैं। रेत का खनन करने वाले लोग उन्हें मजदूरी देकर बुग्गियों से रेत का ढुलान कराते हैं। रेत को बिजौरी तिराहा क्षेत्र में लाकर डाला जाता है। बुग्गी चालकों ने बताया कि बिजौरी तिराहे से रेत की खरीद-फरोख्त का काम रेत का खनन कराने वालों का है, उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।
क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिलने को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए रेत का ढुलान करते पकड़ी गईं तीनों बुग्गियों की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी। जिसमें जुर्माना वसूली के साथ आवश्यक कार्रवाई की संस्तुति की गई। यूपी में सत्ता परिवर्तन के अगले ही दिन से प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा है। मालन नदी में मथुरापुरमोर, चंदनपुरा, लुकादड़ी, नजीबाबाद, कल्हेड़ी क्षेत्र में चोरी-छिपे खनन जारी है। इसके अलावा कोटावाली, सूखरो नदी में भी मौका पाकर रेत-बजरी निकाली जा रही है। प्रशासन ने चेकिंग अभियान जारी रखने की बात कही।